सीआईडी की यादें: एक ऐसा सीरियल, जो आज भी दिल में बसा है
सीआईडी के निर्माता बी. पी. सिंह के निधन की खबर के बाद आज फेसबुक पर राहुल मिश्रा की एक विस्तृत पोस्ट पढ़ने का मौका मिला। उस पोस्ट से सीआईडी के बारे में कई ऐसी जानकारियाँ मिलीं, जिनके बारे में पहले नहीं जानती थी। पोस्ट पढ़कर सीआईडी की पुरानी यादें फिर से ताजा हो गईं। मन में आया कि क्यों न इस सीरियल के बारे में कुछ लिखा जाए। बस, कोशिश कर रही हूँ। पता नहीं कितना लिख पाऊँगी और कैसा लिख पाऊँगी, लेकिन मन में उठे भावों को शब्द देना चाहती हूँ।
मैंने बहुत लंबे समय तक सीआईडी देखा। जब इसका पुनः प्रसारण होता था, तब भी बड़े मन से देखती थी। सीरियल देखते समय मैं खुद को भी उसकी टीम का सदस्य ही समझने लगती थी। ऐसा लगता था, जैसे मैं भी केस की जाँच में शामिल हूँ और असली अपराधी को पकड़ने में टीम की मदद करूँगी।
कई बार मेरी सोच सही निकलती थी और मैं सही अपराधी को पहचान लेती थी। वहीं, कई बार मेरा अनुमान बिल्कुल गलत साबित होता था और अपराधी कोई ऐसा व्यक्ति निकलता था, जिसके बारे में मैंने सोचा भी नहीं होता था। सीआईडी देखते समय मेरा दिमाग लगातार चलता रहता था। हर दृश्य में कोई सुराग तलाशने और अपराधी का अनुमान लगाने की कोशिश करती थी।
उस समय मेरी शादी नहीं हुई थी। मायके में हम सब साथ बैठकर सीआईडी देखते थे। आज भी उसके कई दृश्य और संवाद याद आते हैं। एसीपी प्रद्युम्न का कहना, "कुछ तो गड़बड़ है!" और फिर दया से उनका मशहूर संवाद, "दया, दरवाजा तोड़ो!" सीआईडी की पहचान बन चुके थे।
अभिषेक और डॉ. तारिका के बीच की प्यार भरी बातचीत, इंस्पेक्टर फ्रेडरिक्स यानी फ्रेडी के मजेदार दृश्य और उनकी कॉमेडी सीरियल के गंभीर माहौल को थोड़ा हल्का कर देते थे। इन सबके बीच डॉ. आर. पी. सालुंखे की भूमिका भी बहुत खास थी। उनकी वजह से फोरेंसिक लैब और अपराधों की वैज्ञानिक जाँच के बारे में बहुत कुछ जानने को मिला।
एसीपी प्रद्युम्न का किरदार तो जैसे मन में बस गया था। उनका व्यक्तित्व, अपराधियों से पूछताछ करने का तरीका और अपनी टीम के प्रति उनका भरोसा सीरियल को खास बनाता था। अभिषेक और दया भी टीम के इतने महत्वपूर्ण सदस्य थे कि उनके बिना सीआईडी की कल्पना करना मुश्किल लगता था।
एक बात और याद आती है। कई बार किसी नए किरदार को देखकर लगता था कि शायद यही अपराधी है, लेकिन बाद में पता चलता था कि वह तो टीम का कोई वरिष्ठ अधिकारी है! सीआईडी की यही खासियत थी कि वह दर्शकों को अंत तक उलझाए रखता था। हर बार अपराधी को पहचान पाना आसान नहीं होता था।
मुझे ठीक से याद नहीं, लेकिन कई मामलों में बी. पी. सिंह को भी अभिनय करते देखा था। यह सोचकर अच्छा लगता है कि किसी व्यक्ति ने एक ऐसे सीरियल को बनाने में योगदान दिया, जो इतने लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बनाए रहा।
आज भी अगर मैं सीआईडी देखने बैठ जाऊँ, तो यकीनन पुरानी यादें ताजा हो जाएँगी। शायद वही पुराने संवाद सुनकर मन फिर उसी दौर में पहुँच जाए, जब मायके में सबके साथ बैठकर यह सीरियल देखा करती थी।
मेरे लिए सीआईडी सिर्फ एक अपराध पर आधारित धारावाहिक नहीं था। यह मेरे जीवन के एक खास दौर की यादों से जुड़ा हुआ है। उस समय की खुशियाँ, परिवार के साथ बिताए पल और हर केस को सुलझाने की उत्सुकता—सब कुछ इससे जुड़ा है।
और इस सीरियल की एक बात मुझे सबसे अच्छी लगती थी कि इसे परिवार के साथ बैठकर देखा जा सकता था। मनोरंजन के साथ रहस्य, रोमांच और अपराधों की जाँच से जुड़ी जानकारियाँ भी मिलती थीं।
सीआईडी मेरे पसंदीदा धारावाहिकों में से एक था और रहेगा। कुछ धारावाहिक केवल देखे नहीं जाते, वे हमारी यादों का हिस्सा बन जाते हैं। सीआईडी मेरे लिए उन्हीं में से एक है।
Comments
Post a Comment